मिमिक्री विवाद: संजय राउत का बीजेपी पर वार, कहा- राहुल गांधी ‘पप्पू’ नहीं, उनका तीर कलेजे के पार निकला

मिमिक्री विवाद: संजय राउत का बीजेपी पर वार, कहा- राहुल गांधी ‘पप्पू’ नहीं, उनका तीर कलेजे के पार निकला

Rahul Gandhi Indore Mimicry Controversy: मध्य प्रदेश के इंदौर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी की बोलने और व्यवहार करने की शैली की नकल करते हुए प्रस्तुति दी थी। इस दौरान राहुल गांधी भी मंच पर मौजूद थे। घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर तंज कसा, जिसके जवाब में शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने फडणवीस और पीएम मोदी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चलाया गया तीर सीधे बीजेपी के कलेजे के आर-पार हो गया है।

इंदौर के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि अब राहुल गांधी के पास यही काम बचा है। फडणवीस ने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी स्टैंड-अप कॉमेडी का काम और मिमिक्री शुरू करते हैं तो उन्हें अच्छा रोजगार मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने अपनी पार्टी को पहले ही ‘बेरोजगार’ कर दिया है।

संजय राउत का फडणवीस पर पलटवार- PM मोदी ‘पप्पू’ हैं

सीएम फडणवीस के बयान पर राज्य सभा सांसद संजय राउत ने पलटवार किया। राउत ने कहा कि राहुल गांधी ने इंदौर में छात्रों के बीच देश की विदेश नीति को जिस आसान भाषा में समझाया है, उससे बीजेपी की बौखला गई है। अगर फडणवीस राहुल गांधी की बातों और कार्यक्रम को लेकर मजाक कर रहे हैं तो यह इस बात का संकेत है कि बीजेपी राहुल गांधी के उठाए मुद्दों से परेशान है।

संजय राउत ने कहा, “राहुल गांधी को ‘पप्पू’ साबित करने के लिए बीजेपी ने सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन आज परिस्थितियों ने रुख मोड़ लिया है। अब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘पप्पू’ बना दिया है। मोदी ‘पप्पू’ हैं, राहुल गांधी नहीं। राहुल गांधी देश के नेता हैं।“ 

पीएम मोदी की मिमिक्री पर राउत का पलटवार

संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने भाषणों और विपक्षी नेताओं पर की गई टिप्पणियों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लेकर टिप्पणियां की जाती थीं, तब उसे किस रूप में देखा जाना चाहिए।

राउत ने मोदी की बोलने की शैली की नकल करते हुए भी फडणवीस पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक कार्यक्रमों और संसद में उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठाए और कहा कि इन मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए।

महाराष्ट्र कैबिनेट में जोकरों की फौज- राउत

देवेंद्र फडणवीस के बयानों को खारिज करते हुए संजय राउत ने कहा कि जनता ने अब सब देख लिया है। उन्होंने आक्रामक अंदाज में कहा कि देश के साथ-साथ महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में भी जोकरों की फौज बैठी हुई है। फडणवीस को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपनी सरकार और कैबिनेट मंत्रियों पर बात करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *