बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में माचना ब्रिज के पास यात्री प्रतीक्षालय में शनिवार सुबह 38 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान राजा उर्फ दिलीप पिता मुन्नालाल मतलाने, निवासी सदर क्षेत्र में डॉन बॉस्को के पास, बैतूल के रूप में हुई है। वह टीन की पलंग पेटी बनाने का काम करता था। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। भाई के पास से खाना लेकर निकला था जानकारी के अनुसार, राजा शुक्रवार रात अपने बड़े भाई बबलू के पास गया था। वहां से वह खाने का डिब्बा लेकर निकला, लेकिन घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह माचना ब्रिज के पास यात्री प्रतीक्षालय में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर बैतूल बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। रकम के लेनदेन की भी जानकारी बताया जा रहा है कि राजा को किसी व्यक्ति से रकम लेना थी। हालांकि, इस लेनदेन का उसकी मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव शनिवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

