भारतीय ओलिंपिक संघ की एग्जीक्यूटिव काउंसिल का चुनाव 5 दिसंबर:पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव रिटर्निंग ऑफिसर काउंसिल का कार्यकाल 10 दिसंबर को खत्म होगा

भारतीय ओलिंपिक संघ की एग्जीक्यूटिव काउंसिल का चुनाव 5 दिसंबर:पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव रिटर्निंग ऑफिसर काउंसिल का कार्यकाल 10 दिसंबर को खत्म होगा

भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) की एग्जीक्यूटिव काउंसिल के चुनाव 5 दिसंबर को होंगे, जबकि मौजूदा काउंसिल का कार्यकाल 10 दिसंबर को खत्म होगा। दिल्ली और चंडीगढ़ के पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव (रिटायर्ड IAS) को इलेक्टोरल ऑफिसर/रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। IOA चुनाव प्रक्रिया में एथलीट्स कमीशन के चुनाव और स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (SOM) के चयन की प्रक्रिया भी शामिल है। IOA ने यह प्रक्रिया नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट, 2025, इसके 2026 के नियमों और IOA के संशोधित संविधान के तहत शुरू की है। 18 अक्टूबर तक SOM के लिए आवेदन कर सकेंगे खिलाड़ी IOA ने 18 सितंबर से स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (SOM) के रोस्टर में शामिल होने के लिए आवेदन शुरू किए थे। योग्य खिलाड़ी 18 अक्टूबर 2026 तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे। इसके बाद तय योग्यता और कैटेगरी के आधार पर रोस्टर तैयार होगा। पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसमें एथलीट्स कमीशन, SOM और एग्जीक्यूटिव काउंसिल से जुड़ी प्रक्रिया शामिल है। वे मतदाता सूची, नामांकन, दस्तावेजों की जांच, वोटिंग, मतगणना और नतीजों की घोषणा की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। 3 नवंबर को एथलीट्स कमीशन का चुनाव, 10 खिलाड़ी होंगे सदस्य IOA के एथलीट्स कमीशन के 2026-2030 कार्यकाल के लिए 3 नवंबर को चुनाव होंगे। इसी दिन वोटिंग, मतगणना और नतीजों की घोषणा की जाएगी। नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन्स (NSF) को अपनी एथलीट्स कमीशन के जरिए दो खिलाड़ी प्रतिनिधियों के नाम 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक भेजने होंगे। पीटी उषा बोलीं- चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर IOA अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने चुनाव प्रक्रिया को भारतीय ओलिंपिक आंदोलन में गुड गवर्नेंस मजबूत करने की दिशा में अहम बताया। उन्होंने कहा कि IOA का लक्ष्य ओलिंपिक चार्टर और राष्ट्रीय खेल प्रशासन के नियमों के अनुरूप विश्वसनीय और एथलीट-केंद्रित संस्थाएं बनाना है। उषा के मुताबिक, अनुभवी पूर्व चुनाव आयुक्त को चुनाव अधिकारी नियुक्त करना स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव के प्रति IOA की प्रतिबद्धता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि IOA चुनाव प्रक्रिया की स्वतंत्रता का सम्मान करेगा और जरूरी सहयोग देगा। खेल प्रशासन में एथलीटों की भागीदारी भारतीय खेलों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए भारत IOC के साथ बातचीत में शामिल भारत 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) के साथ कंटीन्यूअस डायलॉग में शामिल है। इस प्रक्रिया में भारत समेत 7 देश हैं। इनमें जर्मनी, हंगरी, कतर, साउथ कोरिया, साउथ अफ्रीका और तुर्किये शामिल हैं। IOA के मुताबिक, भारत की दावेदारी के लिए अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान शहर के रूप में चिन्हित किया गया है। IOA अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने कहा कि मेजबानी की कोशिशों में मजबूत प्रशासन और एथलीट-केंद्रित दृष्टिकोण अहम होंगे। IOA ने बताया कि चुनाव से जुड़े नोटिफिकेशन, आवेदन फॉर्म, मतदाता सूची और अन्य जानकारियां आधिकारिक वेबसाइट और निर्धारित चुनावी संचार माध्यमों पर जारी की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *