महराजगंज में रविवार को यातायात माह नवंबर 2026 की शुरुआत हुई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान एक महीने तक चलेगा।
रैली पुलिस कार्यालय से उद्योग चौराहा, नगर तिराहा और नवीन सब्जी मंडी होते हुए हनुमानगढ़ी पहुंची। इसके बाद रैली नगर तिराहे से होते हुए यातायात कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
रैली के दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तय गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाना पुलिस, प्रशासन और हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होंने लोगों से यातायात नियमों को रोजमर्रा की जिंदगी में अपनाने की अपील की। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक रूपेश कुमार, यातायात निरीक्षक अरुणेंद्र प्रताप सिंह, गुड्डू प्रभाकर, विनोद सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

