महंगी दिवाली: इस बार 30 से 40 प्रतिशत तक महंगे मिलेंगे पटाखे, जेब पर पड़ेगा भारी असर

महंगी दिवाली: इस बार 30 से 40 प्रतिशत तक महंगे मिलेंगे पटाखे, जेब पर पड़ेगा भारी असर

भास्कर संवाददाता| चारूवा दीपावली पर इस बार रोशनी के साथ आतिशबाजी का शौक महंगा पड़ेगा। खिरकिया के पटाखा बाजार में पिछले साल के मुकाबले इस साल पटाखों के दाम 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ने की बात सामने आ रही है। महंगाई का असर त्योहार की खरीदारी पर पड़ सकता है। ग्राहकों को पटाखे खरीदने के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। कारोबारियों को बिक्री कम होने की चिंता सता रही है। पटाखा व्यवसायी आशिष साकल्ये ने बताया, तमिलनाडु के शिवकाशी में देशभर के लिए बड़े पैमाने पर पटाखों का निर्माण होता है। इस बार चुनाव के कारण वहां करीब छह महीने तक उत्पादन और कामकाज प्रभावित रहने की बात कही जा रही है। इसका असर बाजार में पटाखों की उपलब्धता पर पड़ा है। कीमतों पर भी असर पड़ा है। उत्पादन प्रभावित रहने की अवधि की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है। व्यापारियों का कहना है कि पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले बारूद, रसायन, गत्ता, कागज और सूतली सहित अन्य कच्चे माल की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही परिवहन खर्च बढ़ने से भी पटाखों की लागत में इजाफा हुआ है। कारोबारियों के मुताबिक, लागत बढ़ने का सीधा असर ग्राहकों को मिलने वाले दामों पर दिखाई दे रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *