मंदसौर पिपलियामंडी में कांग्रेस ने शुक्रवार शाम महंगाई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमरपुरा की बागरी बस्ती में लोगों को छोटे-छोटे पाउच में शक्कर बांटी। शक्कर के बढ़ते दामों के विरोध में पाउच पर महंगाई से जुड़े नारे भी लिखे गए थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि तेल और दालों के बाद अब शक्कर के दाम भी करीब 75 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ी है। शक्कर के पाउच पर “गरीबों से शक्कर हुई दूर, 75 तक हुई शक्कर… मोदी है तो मुमकिन है, महंगाई डायन खाए जात है” जैसे नारे लिखे गए थे। एथेनॉल को लेकर भी सरकार पर आरोप जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार को महंगाई के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों की नीतियों का असर किसान, गरीब, मजदूर, व्यापारी और आम लोगों पर पड़ रहा है। शर्मा ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाए। उनका दावा है कि एथेनॉल बनाने में गन्ने का बड़े स्तर पर इस्तेमाल होता है। इससे शक्कर की कीमत पर असर पड़ा है। उन्होंने इस मामले में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर भी आरोप लगाए। महंगाई को लेकर सवाल उठाए
राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल मालवीय चावली ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस सहित रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दामों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कीमतें बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं। मालवीय ने सरकार पर पूंजीपतियों के हित में काम करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के नगर अध्यक्ष भेरूपप्पू गुर्जर, कांग्रेस नेता छोटेलाल सैनी, किशोर टेलर कनघट्टी, राकेश चंद्रवंशी, गणपत चंद्रवंशी, रामचंद्र चंद्रवंशी, मुकेश चंद्रवंशी, नंदलाल चंद्रवंशी, ओंकारलाल चंद्रवंशी, मुकेश पाटीदार, मन्नालाल धनगर, गुड्डीबाई, धापूबाई सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

