मौसम विज्ञान विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना के पूर्वानुमान को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को मथुरा जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने शुक्रवार को कार्यालय आदेश जारी कर परिषदीय एवं सभी बोर्ड के विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक अवकाश की घोषणा की है। आदेश के अनुसार मदरसा, सीबीएसई और आईसीएसई समेत सभी प्रकार के विद्यालय 26 सितंबर को बंद रहेंगे। यह निर्णय जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। हालांकि, इसी दिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। आदेश में कहा गया है कि कार्यक्रम की महत्ता और इसमें छात्र-छात्राओं की सहभागिता को देखते हुए निर्धारित विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, एसआरजी और एआरपी को संबंधित विकासखंडों के विद्यालयों से प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में अवकाश होने के आधार पर कार्यक्रम में सहभागिता में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी विद्यालयों को समय से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर कार्यक्रम में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति और सहभागिता की निगरानी करेंगे। आदेश में चेतावनी दी गई है कि निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही, उदासीनता या समन्वय के अभाव की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी का उत्तरदायित्व तय कर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक को भी अपने स्तर से संबंधित विद्यालयों को निर्देशित करने को कहा गया है।

