मथुरा में लापता किशोरी का मिला शव:घर के सामने बने कुंड से किया बरामद,4 दिन से परिजन कर रहे थे तलाश

मथुरा में लापता किशोरी का मिला शव:घर के सामने बने कुंड से किया बरामद,4 दिन से परिजन कर रहे थे तलाश

मथुरा के थाना हाई वे क्षेत्र में 4 दिन से गायब किशोरी का शव रविवार को कुंड में तैरता मिला। घर के बाहर बने कुंड में किशोरी का शव मिलने से गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कुंड से निकालकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को बेटी के गायब होने की सूचना गुरुवार को दी थी,जबकि पुलिस का कहना है कि परिजनों ने इसकी सूचना शनिवार को दी जिसके बाद तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। सतोहा गांव का मामला थाना हाई वे क्षेत्र में मथुरा गोवर्धन रोड पर स्थित सतोहा गांव में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब यहां शांतनु बिहारी मंदिर के पास बने कुंड में एक 16 वर्षीय किशोरी का शव ग्रामीणों ने तैरता हुआ देखा। कुंड में शव होने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। इसी बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कुंड से बाहर निकाला। गांव की किशोरी का था शव पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला तो पता चला कि वह गांव की ही एक नाबालिग 16 वर्षीय किशोरी का ही शव है। यह किशोरी गुरुवार शाम से लापता थी। उसकी तलाश में परिजन दर दर भटक रहे थे। किशोरी का शव जिस कुंड में मिला वह उसके घर के सामने ही था। मौके पर मौजूद परिजन बेटी का शव देखकर बिलख उठे। उनका रो रो कर बुरा हाल था। हत्या या हादसा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में यह जांच कर रही है कि किशोरी की मौत हादसा है या किसी ने उसकी हत्या की है। कुछ लोगों का मानना है कि किशोरी गुरुवार शाम को किसी काम से घर से निकली होगी। कुंड के पास से निकलते समय पैर फिसलने से हादसे का शिकार न हो गई हो। वहीं कुछ लोग कह रहे हैं कि ऐसा तो नहीं किसी ने कुछ गलत किया हो और फिर पहचाने जाने के डर से उसकी हत्या कर शव कुंड में फैंक दिया गया हो। फ़िलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *