हरदा में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम और माय भारत ने मिलकर जिला अस्पताल में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया। रविवार को हुए इस शिविर में युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, पोषण और नशे की लत के स्वास्थ्य पर असर के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर में युवाओं का बीएमआई और ब्लड प्रेशर जांचा गया। उमंग काउंसलर पारुल काशिव ने बीएमआई का महत्व बताया और स्वस्थ जीवनशैली व संतुलित पोषण को बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया।
जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ. पीयूष दोगने और उमंग काउंसलर दीपक गौर ने युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं, जिनसे कैंसर जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
जिला समन्वयक आशीष साकल्ले ने बताया कि डॉ. एच.पी. सिंह के मार्गदर्शन में ऐसी जागरूकता गतिविधियां लगातार चल रही हैं। जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल ने बताया कि माय भारत के तहत देश के 200 जिलों में हर रविवार ऐसी गतिविधियां होती हैं।

