ग्वालियर में 20 प्रतिशत का भारी-भरकम ब्याज और रोज-रोज की मानसिक प्रताड़ना… आखिरकार कर्जदारों के सब्र का बांध टूट गया। ग्वालियर की झांसी रोड थाना पुलिस ने शुक्रवार रात को एक सनसनीखेज ‘अंधे कत्ल’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर (35) ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। भारी ब्याज वसूली से परेशान होकर गांव के ही चार युवकों ने उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रची। इस हत्याकांड में एक ऐसा तथ्य भी सामने आया है, जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले शीतला माता के मंदिर जाकर बकायदा ‘आज्ञा’ ली थी। इसके बाद माता के गले की माला पहनकर ही घटना स्थल पर पहुंचे और पुरुषोत्तम को मार डाला। घटना स्थल पर गेंदा के फूल भी पड़े मिले थे। स्पॉट पर मिले गेंदे के फूल से सुलझी कत्ल की गुत्थी ग्वालियर के झांसी रोड केदारपुर के पास छोटी मढैया में 14 अक्टूबर की सुबह भागीरथ गुर्जर के खेत में पुरुषोत्तम गुर्जर का खून से लथपथ शव मिला था। उसकी गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी के ताबड़तोड़ वार किए गए थे। पुलिस जब फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची, तो क्राइम सीन के पास एक चबूतरा पर गेंदे के फूल मिले। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि वारदात से ठीक पहले आरोपी शीतला माता मंदिर गए थे, जहां पूजा-अर्चना कर उन्होंने पुरुषोत्तम को ठिकाने लगाने की आज्ञा’ मांगी और फिर वही माला गल में डालकर वारदात स्थल पर पहुंचे थे। 3 दिन पहले चबूतरे पर बनी थी मर्डर की प्लानिंग पूछताछ में सामने आया कि गांव ‘छोटी मडईयां’ के रहने वाले रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल और विजय उर्फ खैरी ने पुरुषोत्तम से 20 फीसदी की अत्यधिक ब्याज दर पर लाखों रुपए कर्ज ले रखे थे। पुरुषोत्तम रोज तगादा करता और लगातार दबाव बना रहा था। गांव में कहीं भी किसी के भी सामने बेइज्जत करता था। तंग आकर हत्या से 3 दिन पहले गांव के चबूतरे पर बैठकर चारों ने उसकी हत्या का प्लान तैयार किया था। पत्नी मायके गई, इधर बना लिया शिकार 13 अक्टूबर की रात पुरुषोत्तम की पत्नी अपने भाई के एक्सीडेंट की खबर सुनकर मायके (पृथ्वीपुरा) गई हुई थी। घर पर पुरुषोत्तम अकेला था और बाहर सो रहा था। रात 11 बजे आरोपी रमन गुर्जर ने पुरुषोत्तम को नींद से जगाया और कहा “चलो, ब्याज के पैसों का हिसाब कर लेते हैं और पैसे दे देता हूँ।” झांसे में आकर पुरुषोत्तम घर के पास भागीरथ के खेत में उनके साथ चला गया। बातचीत के दौरान अचानक आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चारों ने बारी-बारी से गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। ऐसे समझिए पूरा मामला बुधवार (14 अक्टूबर) की सुबह 8 बजे के लगभग केदारपुर छोटी मढैया गांव निवासी 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर का शव पड़ा मिला था। घटना स्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की थी। प्रारंभिक पड़ताल में ही गर्दन पर पांच व सिर पर दो घाव की पुष्टि हो गई। इतनी बेरहमी से हत्या बता रही थी कि हत्या आरोपियों के दिल में मृतक के लिए बहुत नफरत थी। मृतक की जेब से लेनदेन की एक पर्ची मिली थी, जिसके बाद यह साफ हो गया था कि हत्या की वजह लेनदेन ही है। जब पुलिस ने संदेहियों की लिस्ट तलाशी तो यह चार नाम भी मिल गए थे, जिनको खंगाला तो पूरी कहानी सामने आ गई। SSP बोले- 5 टीमों ने जुटाए साक्ष्य ग्वालियर SSP धर्मवीर सिंह ने बताया कि अंधे कत्ल का खुलासा करने के लिए ASP डॉ. शिवेश सिंह बघेल के निर्देशन में CSP रवि भदौरिया की 5 टीमों ने 72 घंटे के भीतर तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पर्दाफाश किया है।

