भोपाल के एमपी नगर चौराहे पर प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के अभ्यर्थियों ने चक्काजाम कर दिया है। अभ्यर्थी सड़क के बीचोंबीच बैठकर नियुक्ति और जॉइनिंग की मांग कर रहे हैं। अधिकारी मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाइश दे रहे हैं, लेकिन अभ्यर्थी हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी थालियां बजाकर भी विरोध जता रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान भीड़ में एक युवती का पैर दब गया। इस दौरान प्रोबेशनर आईपीएस मिनी शुक्ला जूस लेने दुकान पर पहुंचीं और युवती को जूस पिलाया। लगातार तीसरे दिन से आंदोलन जारी मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती वर्ग-3 में मेरिट होल्डर के रूप में चयनित सैकड़ों अभ्यर्थी नियुक्ति और जॉइनिंग की मांग को लेकर लगातार तीसरे दिन बोर्ड ऑफिस चौराहे पर डटे हैं। दिनभर तपती धूप में प्रदर्शन के बाद कई अभ्यर्थियों को रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ रही है। प्रदर्शन स्थल पर कुछ अभ्यर्थियों के साथ बच्चे भी मौजूद हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। नियुक्ति प्रक्रिया लंबित, आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ समाधान अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। उनका दावा है कि 16 सितंबर 2026 को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात कर लंबित प्रकरणों से अवगत कराया था। अभ्यर्थियों के मुताबिक, उस दौरान जल्द निराकरण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। ये हैं प्रमुख मांगें अभ्यर्थियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें शासन-प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन स्थल पर डटे रहने के कारण कई अभ्यर्थियों को खुले में रात गुजारनी पड़ रही है। उनका कहना है कि जब तक नियुक्ति और जॉइनिंग को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

