इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं। शिकायत पोस्ट होते ही जिम्मेदार संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल रही है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें…) वार्ड 45 की पार्षद सोनिला मिमरोट बनीं आज की ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 45 के परदेशीपुरा निवासी तकेश्वर ध्रुव ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में लगे पुराने और बड़े पेड़ों की टहनियां तेज हवा में टूटकर बिल्डिंग और बिजली के पोल-तारों पर गिर जाती थीं। इससे हादसे का खतरा बना हुआ था। शिकायत सामने आने के बाद आज की ‘पब्लिक स्टार’ पार्षद सोनिला मिमरोट ने मामले का संज्ञान लिया और पेड़ों की कटिंग कराकर समस्या का समाधान कराया। एप से लोगों को मिल रहा समाधान सरदार पटेल मार्ग: बोरिंग में गंदगी की समस्या हुई दूर वार्ड 55 के सरदार पटेल मार्ग, मुराई मोहल्ला निवासी विजय यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सड़क बनने के बाद सरकारी बोरिंग में गंदगी जा रही थी। शिकायत सामने आने के बाद पार्षद पंखुरी दोशी ने संज्ञान लिया और मौके पर समस्या का समाधान कराया। इसकी पुष्टि पार्षद ने खुद एप पर की। बेतरतीब तारों, बंद लाइट और खुले गड्ढों से परेशान इंदौरवासी चंदन नगर: लटकती केबलों से करंट का खतरा वार्ड 1 के गुजराती कॉलोनी, चंदन नगर निवासी मोहम्मद जुनैद ने शिकायत दर्ज कराई है कि गली में न बिजली का पोल है और न स्ट्रीट लाइट। घरों की केबलें नीचे तक लटकी हुई हैं। बारिश में करंट फैलने का खतरा बना रहता है। शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वसुंधरा कॉम्प्लेक्स: पोल शिफ्ट होने से स्ट्रीट लाइट बंद, गली में अंधेरा वार्ड 39 के बादलचांद मेहता मार्ग, वसुंधरा कॉम्प्लेक्स निवासी अजय यादव ने शिकायत दर्ज कराई है कि घर के सामने का लाइट पोल शिफ्ट होने के बाद गली में रोशनी की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। स्ट्रीट बंद है और लोगों को रात में आने-जाने में परेशानी हो रही है। बिजलपुर: बारिश में स्पार्किंग से खतरा, सुधार की मांग वार्ड 79 के बिजलपुर, सैटेलाइट टाउनशिप निवासी हेमंत पाराशर ने शिकायत दर्ज कराई है कि बारिश के दौरान क्षेत्र में आए दिन स्पार्किंग होती है। सड़क के पास खुले तार होने से बच्चों और राहगीरों को करंट का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता के अनुसार अब तक समाधान नहीं हुआ है। रामबाग: 25 दिन से खुला पड़ा पांच फीट गहरा गड्ढा वार्ड 57 के तिलक रोड, रामबाग निवासी गणेश त्रिवेदी ने शिकायत दर्ज कराई है कि पानी के वाल्व का गड्ढा करीब 25 दिन से खुला पड़ा है। इसकी गहराई करीब पांच फीट है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने जल्द समाधान की मांग की है। पब्लिक को आवाज देने का डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायत संबंधित विभाग और जिम्मेदारों तक पहुंचती है। समस्या का समाधान होने पर यूजर्स इसकी जानकारी एप पर अपडेट भी कर सकते हैं। अधिकारी भी बता सकेंगे, क्या कार्रवाई की इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी अपनी कार्रवाई की जानकारी भी साझा कर सकते हैं। अधिकारी मैप पर शिकायत की लोकेशन देखकर मौके पर कार्रवाई कर सकते हैं और समाधान होने पर एप के जरिए शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की पहल ‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं को सीधे जिम्मेदारों तक पहुंचाना है, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद हो और समस्याओं के समाधान में तेजी आए।


