इटावा के भरथना में मंगलवार रात करीब 8 बजे रेलवे फाटक संख्या 20बी पार करते समय शताब्दी ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय आजम मंसूरी की मौत हो गई। युवक रामलीला में रावण दहन देखकर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी गई। बुधवार सुबह परिजन इटावा पहुंचे और कपड़ों से उसकी पहचान की। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज क्षेत्र के घसिया चिलौली निवासी आजम मंसूरी पुत्र मोहम्मद अफरोज पिछले डेढ़ महीने से भरथना क्षेत्र की एक तंबाकू फैक्ट्री में पैकिंग का काम कर रहा था। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह रामलीला में रावण दहन का कार्यक्रम देखने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक संख्या 20बी पार करते समय हादसा हो गया। मृतक के पिता अफरोज ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रेन गुजर रही थी। ट्रेन निकलने के बाद आजम ट्रैक पार करने के लिए आगे बढ़ा, तभी दूसरी ओर से आई ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन से सिम निकालकर उसके परिजनों से संपर्क किया। रात करीब 11 बजे युवक की पहचान की जानकारी मिली। बुधवार सुबह परिजन इटावा पहुंचे और उसके कपड़ों के आधार पर शिनाख्त की। इसके बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आजम की मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है। वह काम के सिलसिले में भरथना में रह रहा था। परिजन उसके शव को लेने के लिए इटावा पहुंचे।

