बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र के देवगांव (डोकरबेला) में 22 से ज्यादा बंदरों को गोली मारकर मारने की घटना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 22 से अधिक बंदरों की हत्या का आरोप है। इस घटना से इलाके में हलचल मच गई है और ग्रामीणों व जीव प्रेमियों में गुस्सा है। जानकारी के अनुसार, गांव में फसलों की रखवाली के लिए चौकीदार रखे गए थे। आरोप है कि इन रखवारों ने बंदरों से फसलों को बचाने के लिए उन पर गोलियां चलाईं, जिससे 22 से ज्यादा बंदरों की मौत हो गई। बंदरों की सही संख्या और घटना की वजह जांच के बाद ही पता चलेगी। बंदरों की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बेजुबान जानवरों की जान लेना गलत है। दोषियों पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

