गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित धर्मेश ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग हाथों में डंडे लेकर भागते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, जिस जगह पर मारपीट हुई, वह हिस्सा सीसीटीवी कैमरे की कवरेज में नहीं है। पीड़ित धर्मेश के मुताबिक, उसके जीजा घर आए हुए थे। उनकी कार घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़ी थी। धर्मेश का कहना है कि कार साइड में खड़ी होने के कारण किसी का रास्ता बाधित नहीं हो रहा था। इसी दौरान दूसरी सोसायटी से कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ तीन-चार लोग और कुछ महिलाएं भी थीं। उन्होंने कार हटाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। धर्मेश का आरोप है कि कहासुनी के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सामने आए वीडियो में कुछ लोग हाथों में डंडे लेकर भागते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बताया गया कि कार सड़क पर खड़ी थी और इससे रास्ता बाधित हो रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। हालांकि, पीड़ित का कहना है कि कार घर से कुछ दूरी पर साइड में खड़ी थी और उससे रास्ता नहीं रुक रहा था। पीड़ित ने मामले में इंदिरापुरम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस उपलब्ध वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

