बूथवार आंकड़ों से बनेगा भाजपा की 2027 की रणनीति:विनोद तावड़े ने जनप्रतिनिधियों को दिया चुनावी प्रबंधन का यही मंत्र

बूथवार आंकड़ों से बनेगा भाजपा की 2027 की रणनीति:विनोद तावड़े ने जनप्रतिनिधियों को दिया चुनावी प्रबंधन का यही मंत्र

अयोध्या में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में भाजपा अब बूथ स्तर पर अपनी ताकत और कमजोरियों का हिसाब लगाएगी। पार्टी वर्ष 2014 से अब तक हुए चुनावों के परिणामों को खंगालेगी। जिन बूथों पर पहले भाजपा को बढ़त मिली थी, वहां बाद के चुनावों में मत प्रतिशत क्यों घटा, इसकी पड़ताल होगी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने अयोध्या प्रवास के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में चुनावी प्रबंधन का यही मंत्र दिया। तावड़े ने संघ कार्यालय साकेत निलयम में विचार परिवार के साथ बैठक की। इसके बाद होटल रामायना में जनप्रतिनिधियों के साथ रात्रिभोज के दौरान चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने संगठन की स्थिति का फीडबैक लिया और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर मंथन किया। पुराने नतीजों में तलाशेंगे हार-जीत की वजह तावड़े ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए केवल बड़े कार्यक्रम और प्रचार पर्याप्त नहीं हैं। बूथ स्तर पर मतदाताओं के रुझान को समझना भी जरूरी है। वर्ष 2014 में जिन बूथों पर भाजपा को जीत मिली थी, वहां बाद के चुनावों में प्रदर्शन कमजोर होने के कारण तलाशे जाएं। यह पता लगाया जाए कि मतदाताओं का रुझान क्यों बदला और स्थानीय स्तर पर कौन से मुद्दे प्रभावी रहे। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणामों का विशेष विश्लेषण करने पर जोर दिया। बूथवार आंकड़ों के आधार पर पार्टी अपनी स्थिति का आकलन करेगी। इससे उन क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जहां संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है। जनता से दूरी नहीं, लगातार संवाद पर जोर प्रदेश प्रभारी ने माइक्रो मैनेजमेंट को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा। साथ ही, हर क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। बैठक में बूथ प्रबंधन, संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क मजबूत करने पर चर्चा हुई। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले कमजोर कड़ियों को पहचानकर तैयारी की जाए। बैठक में क्षेत्रीय प्रभारी दिलीप पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *