दतिया में मतदाता सूची से नाम हटने और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे पर कांग्रेस बूथ स्तर पर अभियान चलाएगी। पार्टी 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में चौपाल, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक बैठकों के जरिए मतदाता सूची की जांच करेगी। साथ ही, पात्र मतदाताओं के नाम छूटने या प्रविष्टियों में गड़बड़ी से जुड़ी शिकायतें एकत्र कर निर्वाचन अधिकारियों के सामने उठाएगी। इस अभियान को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली भी की जाएगी। रविवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा- कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाएगी। पार्टी का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। प्रदेश में 34.25 लाख नाम हटने के आंकड़े पर सवाल कांग्रेस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में SIR से पहले 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 रह गई, जबकि अंतिम सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता दर्ज किए गए। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 34 लाख 25 हजार 78 नाम हटाए गए।

