बूंदी शहर के पुराने नेशनल हाईवे-12 पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार कार ने पहले दूसरी कार को टक्कर मारी। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़ी 6 मोटरसाइकिलों को रौंद दिया। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने आरोपी नशेड़ी ड्राइवर और उसके दोस्त के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरी घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। दूसरी कार से टकराने के बाद भी ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइकों को रौंदता चला गया। कुछ ही सेकंड में सड़क पर वाहनों के टुकड़े बिखर गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक देशराज सिंह ने बताया कि हादसे में शरीफ उर्फ पप्पा (45) पुत्र छीतर, हनीफ उर्फ मफू (44) पुत्र रहीमा और जाहिद पुत्र मजीद) घायल हुए हैं। तीनों को बूंदी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। टक्कर में दोनों कारें और छह बाइकें बुरी तरह टूट गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार ड्राइवर राहुल मेहरा पुत्र रतन लाल और उसके साथी देवेंद्र पुत्र रामदेव तेली को हिरासत में लिया। मेडिकल जांच में ड्राइवर के नशे में होने की पुष्टि हुई है। एसआई देशराज ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार के मालिक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय सड़क पर ज्यादा भीड़ होती तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

