बुरहानपुर में बुधवार को कमल तिराहा पर सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के संदर्भ में आयोजित किया गया, जिसमें सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना से लोगों को जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। वंदे मातरम् के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। इसके बाद सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। लोगों ने एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन देखा और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुई यात्राएं सेवा ज्योति के साथ यात्राओं को बुरहानपुर और नेपानगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। यात्रा के जरिए सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। सांसद बोले- ‘सेवा ही संगठन’ की भावना से आगे बढ़ रहे गांव सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सेवा ही संगठन’ की भावना हर गांव, वार्ड और बूथ को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

