बीकानेर में प्रसूताओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के पास जयमलसर गांव में नॉर्मल डिलीवरी के बाद 25 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मर्ग दर्ज कर मामले की जांच कोलायत एसडीएम राजेश कुमार को सौंपी गई है। नॉर्मल डिलीवरी के बाद बिगड़ी तबीयत नाईयों की बस्ती गांव निवासी नेमाराम नाई की प्रियंका (25) के पेट में दर्द होने पर परिजन उसे जयमलसर लेकर पहुंचे थे। वहां उसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे पीबीएम अस्पताल के प्रसूति विभाग में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि नॉर्मल डिलीवरी के बाद महिला का खून बहता रहा। काफी देर बाद उसे पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। बुधवार सुबह मर्ग दर्ज करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दो साल में करीब 40 प्रसूताओं की मौत बीकानेर में प्रसूताओं की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। पिछले दो साल से जिले में हर साल करीब 40 प्रसूताओं की मौत होने की बात सामने आ रही है। वर्ष 2026 में अब तक करीब 20 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है और इस साल यह आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

