मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी बिमला देवी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के दौरान दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मवाना-हस्तिनापुर सीमा पर रजवाहे की पुलिया के पास आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पीछा कर पकड़ लिया गया। 13 सितंबर को हुई थी हत्या पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की सुबह करीब 5:15 बजे बिमला देवी पत्नी सुरेश चंद टहलने के लिए घर से निकली थीं। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने ईंट से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद उनके कान की सोने की बाली, गले का सोने का ओम, पैरों की पायल और कीपैड मोबाइल गायब मिला था। मामले में थाना हस्तिनापुर में मुकदमा अपराध संख्या 210/2026 धारा 103(1) बीएनएस दर्ज किया गया था। मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार सीओ पंकज लवानिया के मुताबिक शनिवार को आरोपियों की तलाश के दौरान मवाना-हस्तिनापुर बार्डर स्थित रजवाहे की पुलिया के पास दो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग कर दी। इसमें पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में शिवम उर्फ शुभम उर्फ भगत उर्फ बारवी (28) निवासी काबली गेट, मवाना के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके साथी कोशेन्द्र उर्फ गुल्लू (26) निवासी रहमापुर, बहसूमा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तमंचा कारतूस बरामद पुलिस ने शिवम के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस और 9/25/27 आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने शिवम के खिलाफ मवाना और बड़ौत थानों में लूट, चोरी, आयुध अधिनियम और पॉक्सो समेत छह मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है।

