सिवनी कोतवाली पुलिस ने बिजली तार चोरी के मामले में मंगलवार रात दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तार चोरी करने वाला मोहम्मद शमीम खान और चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ दुकान संचालक राजेन्द्र साहू शामिल है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपए कीमत का दो क्विंटल बिजली तार और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है। 15 अक्टूबर की रात चोरी हुआ था तार कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि एमपीईबी कॉलोनी, डालडा फैक्ट्री निवासी प्रमोद सराठे (38) ने 25 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर की रात फरेदा रोड पर 11 केवी एजी विद्युत लाइन के दो खंभों के बीच से दो स्पान का तार चोरी हो गया था। चोरी गए तार की कीमत करीब 40 हजार रुपए थी। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 930/2026 दर्ज कर मध्यप्रदेश विद्युत अधिनियम की धारा 136 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ई) के तहत जांच शुरू की। कबाड़ दुकान से मिला चोरी का तार जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर तलाश की। इसी दौरान डोलरीछतरपुर स्थित साहू कबाड़ा दुकान की तलाशी ली गई, जहां चोरी का बिजली तार मिला। दुकान संचालक राजेन्द्र साहू (61) से पूछताछ में पता चला कि उसने यह तार चुनाभट्टी निवासी मोहम्मद शमीम खान (59) से खरीदा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शमीम ने फरेदा गांव से तार चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने की कार्रवाई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र नागवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही

