बालोद में 5 हजार महिलाओं का मातृशक्ति सम्मान:CM साय ने 102 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात,महतारी वंदन की 31वीं किस्त ट्रांसफर

बालोद में 5 हजार महिलाओं का मातृशक्ति सम्मान:CM साय ने 102 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात,महतारी वंदन की 31वीं किस्त ट्रांसफर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार (25 अगस्त) को डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित मातृशक्ति सम्मान समारोह में क्षेत्रवासियों को करीब 102 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 67 लाख महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ 38 लाख रुपए वर्चुअल माध्यम से ट्रांसफर किए गए। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इसमें बिहान दीदी और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी करीब 5 हजार महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन की ओर से उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। CM बोले- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके परिवार और स्वयं के लिए उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार के साथ-साथ समाज और प्रदेश के विकास को भी गति मिलती है। 6 महिलाओं से CM ने किया सीधा संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बालोद जिले में महतारी वंदन योजना का लाभ ले रही 6 महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि योजना से मिलने वाली राशि का वे किस तरह उपयोग कर रही हैं और इससे उनके जीवन में क्या बदलाव आया है। लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि महतारी वंदन की राशि का उपयोग उन्होंने अलग-अलग जरूरतों के साथ व्यवसाय शुरू करने और परिवार को आर्थिक सहयोग देने में किया है। महिलाओं ने योजना से मिले लाभ और अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। डौंडीलोहारा में ऑडिटोरियम और पुलिया निर्माण की घोषणा समारोह के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री ने डौंडीलोहारा क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम, खरखरा जलाशय में नहर लिफ्ट निर्माण, खरखरा जलाशय की पूरक नहर का जीर्णोद्धार तथा धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य एवं डियर डिमांड लाइन निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ रुपए की लागत से पुलिया निर्माण की घोषणा की गई। वहीं डौंडीलोहारा विकासखंड में 19 करोड़ रुपए की लागत से संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग निर्माण की भी घोषणा की गई। इन सहित क्षेत्र में करीब 102 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। बिहान और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का सम्मान मातृशक्ति सम्मान समारोह में बिहान दीदी और महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी करीब 5 हजार महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों को भी प्रमुखता दी गई। सरकार की योजनाओं से महिलाओं को मिल रहे आर्थिक सहयोग और स्थानीय स्तर पर उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को मंच से सामने रखा गया। ये जनप्रतिनिधि और नेता रहे मौजूद कार्यक्रम में पूर्व सांसद सरोज पांडेय, सांसद भोजराज नाग, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, भाजपा महामंत्री सौरभ लुनिया और भाजयुमो अध्यक्ष गुलशन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *