बालों को दोमुंहा होने से बचाने के लिए डेली रूटीन में न करें ये गलतियां

बालों को दोमुंहा होने से बचाने के लिए डेली रूटीन में न करें ये गलतियां

Hair Care Tips: बालों की सही देखभाल न होने पर रूखे होकर दोमुंहे होने लगते हैं। खासकर बार बार हीट स्टाइलिंग, गीले बालों को जोर से रगड़ना और बालों को खींचकर सुलझाने जैसी आदतें स्प्लिट एंड्स की समस्या बढ़ा सकती हैं। इसलिए बालों की खूबसूरती और मजबूती बनाए रखने के साथ ही स्प्लिट एंड्स से बचने के लिए रोजाना की हेयर केयर रूटीन पर ध्यान देना जरूरी है। आइए जानते हैं दोमुंहे बालों से बचने के लिए क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए। 

बालों को जोर से न रगड़ें

बाल धोने के बाद उन्हें तौलिए से तेजी से रगड़कर सुखाने से बालों को नुकसान पहुंच सकता है। गीले बाल ज्यादा नाजुक होते हैं और इस दौरान ज्यादा रगड़ने से बाल टूट सकते हैं और उनके सिरे कमजोर हो सकते हैं। इसलिए बालों को तौलिए से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकालें।

बालों को धीरे से सुलझाएं

बालों में गांठ पड़ने या उलझने पर कंघी को जोर से खींचने से बचें। खासकर गीले बालों को सुलझाते समय ज्यादा सावधानी बरतें। बालों को धीरे धीरे सुलझाने के साथ ही पतली कंघी के बदले चौड़े दांत वाली कंघी का इस्तेमाल करें। इससे बालों पर पड़ने वाला खिंचाव कम हो सकता है और टूटने से बचाव में मदद मिल सकती है।

बालों में नमी बनाए रखें

बहुत ज्यादा रूखे बालों के सिरे जल्दी कमजोर हो सकते हैं। इसलिए बालों में नमी बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए आप नियमित कंडीशनिंग के अलावा सप्ताह में एक बार हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकते है। इससे बालों का रूखापन कम करने और उन्हें मुलायम बनाए रखने में मदद मिल सकती है। बालों में नमी बनी रहने से बाल कम फ्रिजी नजर आएंगे।

हीट स्टाइलिंग का इस्तेमाल कम करें

हेयर स्ट्रेटनर, कर्लिंग आयरन और ब्लो ड्रायर जैसे हीट स्टाइलिंग टूल्स का लगातार इस्तेमाल बालों को रूखा और कमजोर कर सकता है। इसलिए जहां संभव हो, बालों को प्राकृतिक तरीके से सूखने दें। अगर हीट स्टाइलिंग जरूरी हो तो कम तापमान का इस्तेमाल करें और स्टाइलिंग से पहले हीट प्रोटेक्टेंट प्रोडक्ट लगाएं।

सोते समय भी बालों का रखें ध्यान

रात में सोते समय सिल्क या सैटिन के तकिए के कवर का इस्तेमाल करने से बालों और तकिए के बीच होने वाले घर्षण को कम करने में मदद मिल सकती है। इससे बालों के टूटने और उलझने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *