उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक चार वर्षीय बच्ची की अपील पर जिलाधिकारी (डीएम) ईशान प्रताप सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया है। बच्ची ने अपने मोहल्ले की जर्जर सड़क बनवाने की गुहार लगाई थी, जिसके बाद प्रशासन ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के क्रिस्टल गार्डन के पास रहने वाली इस बच्ची का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में बच्ची हाथ जोड़कर मासूमियत से कह रही थी, ‘डीएम अंकल, हमारे घर की रोड बनवा दीजिए। इसमें बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हैं और पानी भर जाता है।’ स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्रिस्टल गार्डन के पास की यह सड़क लंबे समय से खराब थी। बारिश के मौसम में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाते थे और पानी भर जाता था, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती थी। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को जलभराव के कारण निकलने में दिक्कत आती थी। मरम्मत का काम शुरू किया गया बच्ची की अपील और वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क की स्थिति की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद सड़क की मरम्मत का काम तेजी से शुरू कर दिया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर बच्ची के परिवार और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। बच्ची के पिता ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी बेटी की छोटी सी गुहार को गंभीरता से लिया।

