रायसेन में दो डंपरों के बीच से गुजरने का प्रयास कर रही एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक बेकाबू होकर पलट गई। बाइक सवार दो युवक संभल पाते, इससे पहले ही वे डंपर के पिछले पहियों की चपेट में आ गए और डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। हादसा पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना बेगमगंज-सागर मार्ग पर बीड़ी ब्रांच के पास शुक्रवार शाम की है। मृतकों की पहचान सागर जिले की राहतगढ़ तहसील के पैकलोन गांव निवासी रूप बसंत लोधी और महुनागुर्जर गांव निवासी राजेंद्र लोधी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान भोपाल की ओर जा रहे दो भारी डंपरों के बीच में उनकी बाइक आ गई। बाइक का संतुलन बिगड़ते ही दोनों युवक डंपर के दाहिनी ओर के पिछले पहियों के नीचे आ गिरे, जबकि बाइक डंपर की दूसरी तरफ घिसटती हुई निकल गई। मौके से भागे डंपर चालक-परिचालक हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रियंका भलावी, एसडीओपी सोनाली गुप्ता, थाना प्रभारी राजीव उईके और तहसीलदार प्रमोद उईके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शवों को 108 एंबुलेंस की मदद से मर्चुरी भवन भिजवाया और जाम खुलवाया। दुर्घटना में शामिल डंपर (क्रमांक HR 58 E 6580) हरियाणा में पंजीकृत है, जिसके चालक और परिचालक घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस को मृतकों के पास से एक मोबाइल मिला है, जिसके आधार पर उनके नाम-पते और परिजन की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

