जैसलमेर कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को जिले के 193 आरडी गांव और रोजानियों की बस्ती में जलापूर्ति व्यवस्थाएं चेक कीं। उन्होंने अधिकारियों को समय पर लोगों की पानी की समस्या दूर करने, डिग्गियों में पर्याप्त पानी रखने और खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 193 आरडी गांव में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के हेडवर्क्स का विजिट किया। यहां बने पंप हाउस का निरीक्षण किया। साथ ही 7 गांवों और 14 गांवों को पानी देने वाली योजनाओं की स्थिति देखी। जल जीवन मिशन के तहत 22 गांवों में पानी पहुंचाने के लिए बनाए जा रहे नए पंप हाउस और पानी की टंकी (आरडब्ल्यूआर) के काम की जानकारी भी ली। निर्माण कार्य जल्द पूरे करने को कहा। घरों और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था देखी इसके बाद कलेक्टर छंगानियों की बस्ती पहुंचीं। यहां उन्होंने सौर ऊर्जा से चलने वाले पंपों की व्यवस्था देखी। साथ ही घरों में नल कनेक्शन के जरिए पानी पहुंचने और पशुओं के लिए बनी खेलियों में पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। कलेक्टर ने इसके बाद रोजानियों की बस्ती स्थित पीएचईडी हेडवर्क्स का निरीक्षण किया। यहां से जुड़े 14 गांवों में पानी की सप्लाई की स्थिति देखी और अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। खराबी आने पर जल्द करें सुधार कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी जमा करने वाली डिग्गियों में पर्याप्त पानी रखा जाए। इनकी भरने की क्षमता बढ़ाने के लिए भी जरूरी कदम उठाएं, ताकि जरूरत के समय पानी की कमी नहीं हो। कलेक्टर ने कहा- गांवों में पानी की सप्लाई नियमित रखी जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो। पंप और पाइपलाइन जैसी व्यवस्थाओं की नियमित जांच की जाए। खराबी आने पर समय रहते ठीक किया जाए ताकि सप्लाई बार-बार बंद होने की समस्या कम हो। कलेक्टर ने कहा- जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कामों को जल्द पूरा करें। ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण परिवारों को घरों में नल से पानी मिलने की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान पीएचईडी के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, सहायक अभियंता राकेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता जेठू सिंह सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

