बांसवाड़ा में ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल टूटा:तोल कांटा हटाने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

बांसवाड़ा में ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल टूटा:तोल कांटा हटाने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

बांसवाड़ा शहर के वार्ड नंबर 4 स्थित हाउसिंग बोर्ड रोड पर मंगलवार सुबह रेत से भरा एक ट्रक बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। हादसे के समय बिजली सप्लाई चालू थी। खंभा टूटने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और आवासीय कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई स्कूली वैन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रक रेत से भरा हुआ था और वजन करवाने के लिए हाउसिंग बोर्ड रोड स्थित श्रीनाथ तोल कांटे पर आया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे तोल कांटा होने से आवासीय क्षेत्र में भारी ट्रकों की आवाजाही बनी रहती है। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे लगे विद्युत पोल को टक्कर मार दी। तोल कांटे की वजह से आए दिन हादसों का खतरा स्थानीय पार्षद दिनेश राणा ने बताया कि श्रीनाथ तोल कांटे के कारण आवासीय क्षेत्र में भारी ट्रकों की आवाजाही रहती है। इससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने तोल कांटे को आवासीय क्षेत्र से हटवाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी दो-तीन बार लिखित में शिकायत कर चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल 181 पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। इसके बावजूद एक महीना बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। 7 दिन में तोल कांटा नहीं हटाया तो आंदोलन की चेतावनी हादसे के बाद आक्रोशित कॉलोनी वासियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले 7 दिनों में आवासीय क्षेत्र से तोल कांटा नहीं हटाया गया तो सभी कॉलोनी वासी मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *