बस की टक्कर से बाइकसवार युवक का पैर कटा:सतना-पन्ना मार्ग पर 4 दोस्त गंभीर घायल, रीवा रेफर; बस चालक फरार, एक की हालत नाजुक

बस की टक्कर से बाइकसवार युवक का पैर कटा:सतना-पन्ना मार्ग पर 4 दोस्त गंभीर घायल, रीवा रेफर; बस चालक फरार, एक की हालत नाजुक

सतना-पन्ना मार्ग पर सोमवार शाम करीब 6.15 बजे सितपुरा प्लाई फैक्ट्री के पास एक सड़क हादसा हो गया। सतना से पन्ना जा रही एक स्लीपर बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 23 साल के अंकुर अहिरवार का पैर कटकर सड़क पर गिर गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, चारों युवक नागौद से बाइक पर सतना की तरफ आ रहे थे। सितपुरा प्लाई फैक्ट्री के पास सामने से आ रही स्लीपर बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे। बस अंकुर के पैर को कुचलते हुए आगे बढ़ गई, जिससे उसका पैर कट गया। अंकुर के साथ प्रांशु वर्मा (22), तबरेज अहिरवार (24) और चंदन अहिरवार (23) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल सतना पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को रीवा रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक बस लेकर नागौद की तरफ भाग गया। नागौद थाना पुलिस ने अज्ञात बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घायल चारों युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अमौधा गांव के रहने वाले हैं। वे सभी आपस में दोस्त हैं। परिजनों ने बताया कि चारों रविवार को घर से निकले थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों और बस की पहचान को लेकर जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *