बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के इंचौर (झूनानगर) गांव में बुधवार को रामलीला ग्राउंड के सामने बने गहरे नाले में डूबने से दो साल के मासूम सुनील की मौत हो गई। सुनील गांव निवासी तेजपाल लोधी का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। खेलते-खेलते नाले के पास पहुंच गया मासूम जानकारी के अनुसार, तेजपाल लोधी का दो वर्षीय बेटा सुनील बुधवार सुबह घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह रामलीला ग्राउंड के सामने बने गहरे नाले के पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण मासूम खुद को संभाल नहीं सका। काफी देर बाद नाले में मिला शव हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोगों की नजर बच्चे पर नहीं पड़ी। कुछ समय बाद जब परिजनों ने सुनील को घर के आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की। तलाश के दौरान सुनील का शव नाले में तैरता हुआ मिला। शव बाहर निकालते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार बेहाल सुनील की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तेजपाल की दो बेटियां सोनाली (5) और अनामिका (3) हैं। सुनील उनका इकलौता बेटा था। मासूम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खुले नाले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में खुले और गहरे नाले को लेकर नाराजगी दिखाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि नाले के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ऐसे स्थान पर छोटे बच्चों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने नाले को ढकने या उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

