Udta Teer First Poster: आयुष्मान खुराना की अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है और इसे देखकर फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। पोस्टर में आयुष्मान एक झूले पर आराम करते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके दोनों तरफ भारत और पाकिस्तान के निशान दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर की सबसे दिलचस्प बात इसकी टैगलाइन है- ‘देश भक्ति याद है, पर देश नहीं।’
इंडिया-पाकिस्तान के बीच झूले पर दिखे आयुष्मान
‘उड़ता तीर’ के पोस्टर में आयुष्मान खुराना को दोनों देशों के बीच फंसे हुए अंदाज में दिखाया गया है। वह एक झूले पर लेटे हुए हैं और उनके ऊपर ‘टॉप सीक्रेट’ लिखी एक फाइल रखी नजर आती है।
पोस्टर के बैकग्राउंड में सनग्लास लगाए एक बकरा भी दिखाई दे रहा है, जो फिल्म के हटके और कॉमिक अंदाज की ओर इशारा करता है। पूरा विजुअल फिल्म के भारत-पाकिस्तान के रिश्ते और बॉर्डर से जुड़े विषय को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करता है।
‘देश भक्ति याद है, पर देश नहीं’
पोस्टर की टैगलाइन ‘देश भक्ति याद है, पर देश नहीं’ फिल्म के टोन को और दिलचस्प बनाती है। फिल्म पारंपरिक देशभक्ति वाली कहानी के बजाय बॉर्डर, नेशनलिज्म और भारत-पाकिस्तान के समीकरण को एक मनोरंजक अंदाज में पेश करती नजर आ रही है। पोस्टर सामने आने के बाद आयुष्मान का यह नया लुक और फिल्म का कॉन्सेप्ट चर्चा में है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान नजर आएंगी। दोनों इससे पहले इस साल रिलीज हुई ‘पति पत्नी और वो दो’ में साथ काम कर चुके हैं। ‘उड़ता तीर’ उनकी साथ में अगली फिल्म है।
करण जौहर समेत इन निर्माताओं ने संभाली जिम्मेदारी
‘उड़ता तीर’ को धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन आकाश ए कौशिक ने किया है। फिल्म के निर्माता करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता हैं। इसके अलावा गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन भी प्रोड्यूसर हैं, जबकि रौनक बजाज को-प्रोड्यूसर हैं।
‘उड़ता तीर’ 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की दुनिया भर में रिलीज धर्मा प्रोडक्शंस के जरिए होगी। इसके साथ नेटफ्लिक्स और स्टार गोल्ड भी जुड़े हैं, जबकि सोनी म्यूजिक फिल्म के प्रेजेंटेशन का हिस्सा है।





