बरेली दंगे का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार:बैंक्वेट हॉल में हुई थी तौकीर रजा की मीटिंग, आरोपी बोला- पुलिस पर गोली चलाने तक की थी तैयारी

बरेली दंगे का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार:बैंक्वेट हॉल में हुई थी तौकीर रजा की मीटिंग, आरोपी बोला- पुलिस पर गोली चलाने तक की थी तैयारी

“हमने पक्का इरादा कर लिया था। जरूरत पड़ती तो पुलिस-प्रशासन के लोगों पर गोली चलाने से भी पीछे नहीं हटते।” 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए दंगे के मामले में गिरफ्तार मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग ने पुलिस पूछताछ में यह बात कही है। आरोपी के मुताबिक, मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर इस्लामिया ग्राउंड में जुटने और पुलिस के रोकने पर भी पीछे नहीं हटने की तैयारी थी। पुलिस ने उसे करीब एक साल बाद 15 अक्टूबर 2026 को उसके घर से गिरफ्तार किया है। वह इज्जतनगर क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी का रहने वाला है। 19 सितंबर को बैंक्वेट हॉल में हुई थी मीटिंग
पुलिस के मुताबिक, मोबीन बेग ने पूछताछ में बताया कि 19 सितंबर 2025 को मौलाना तौकीर रजा फरीदापुर आए थे। यहां सभासद नासिर खान के घर पर मीटिंग आयोजित की गई थी। लोगों की संख्या ज्यादा होने के कारण बाद में बेग बैंक्वेट हॉल में बैठक का इंतजाम किया गया। आरोपी के बयान के मुताबिक, मीटिंग की व्यवस्था सभासद नासिर खान और उनके बेटे मैसर खान कर रहे थे। बैठक में करीब 100 से 125 लोग मौजूद थे। आरोपी ने बताया कि वह उनमें से कुछ लोगों को पहचानता था। 26 सितंबर को इस्लामिया ग्राउंड पहुंचने का आह्वान
आरोपी ने पुलिस को बताया कि मीटिंग में 26 सितंबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस्लामिया ग्राउंड में इकट्ठा होने के लिए कहा गया था। उसके मुताबिक, पुलिस के रोकने पर भी पीछे नहीं हटने की बात कही गई थी। आरोपी ने दावा किया कि आंदोलन के लिए हर हाल में जुटने का इरादा था। उसने पूछताछ में हथियारों का इंतजाम करने की बात भी कही। ये सभी बातें पुलिस पूछताछ में आरोपी के कथित बयान पर आधारित हैं। मोबाइल घर छोड़कर भीड़ के साथ निकला था आरोपी
मोबीन बेग ने पूछताछ में बताया कि 26 सितंबर को जुमे की नमाज खत्म होने के बाद लोग इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान की ओर जुटने लगे थे। वह भी अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़कर दूसरे लोगों के साथ वहां पहुंचा था। आरोपी के मुताबिक, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। जब घटनाक्रम बिगड़ने लगा तो वह कचहरी की तरफ भाग गया। पुलिस अब मामले में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों से उसके संपर्क की जांच कर रही है। बारादरी थाने में दर्ज है दंगे का मुकदमा
बरेली दंगे के संबंध में 26 सितंबर 2025 को बारादरी थाने में एफआईआर नंबर 1146/25 दर्ज की गई थी। इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत 29 लोगों के नाम शामिल हैं। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले की विवेचना कैंट इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। दूसरे मुकदमे में भी नाम दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मोबीन बेग का नाम कोतवाली थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी है। इस मामले में आर्म्स एक्ट और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम समेत कई धाराएं दर्ज हैं। पुलिस ने उसे फरीदापुर चौधरी स्थित घर से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। कैंट पुलिस ने की गिरफ्तारी
मोबीन बेग की गिरफ्तारी करने वाली टीम में कैंट इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास और पुलिसकर्मी प्रिंस कुमार, अभिषेक, हर्ष सैनी, विकास कुमार, गौरव कुमार व महिला कांस्टेबल शीबा शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि दंगे के मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *