इंदौर जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में घुसा सांप:प्रसूताओं में मची चीख-पुकार; 6 फीट लंबे सांप का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया

इंदौर जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में घुसा सांप:प्रसूताओं में मची चीख-पुकार; 6 फीट लंबे सांप का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया

धार रोड स्थित गोविन्द वल्लभ पंत जिला अस्पताल में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पहली मंजिल पर महिला वार्ड के सामने स्थित ऑपरेशन थिएटर में करीब 6 फीट लंबा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही वार्ड में भर्ती प्रसूताओं में चीख-पुकार मच गई। घटना बुधवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही आसपास के लोग और निर्माण एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर अस्पताल परिसर से बाहर ले जाया गया। सांप पकड़ने वाले एंबुलेंस चालक संदीप यादव ने बताया कि सांप ऑपरेशन थिएटर के अंदर आ गया था। जिसे देखकर सभी घबराने लगे। मौके पर डॉक्टर भी मौजूद थे। सांप को सिरपुर तालाब छोड़कर आ गए। ऑपरेशन थिएटर के सामने दिखा सांप, वार्ड में मचा हड़कंप
अस्पताल की पहली मंजिल पर महिला वार्ड के सामने स्थित ऑपरेशन थिएटर में अचानक सांप नजर आया। अस्पताल में प्रसूताएं भर्ती थीं। ऐसे में सांप दिखाई देने से वार्ड में मौजूद महिलाओं और उनके परिजन घबरा गए। रात के समय हुई इस घटना से अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देर शाम सामान लेकर पहुंचा था आयशर वाहन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर शाम दूसरे अस्पताल से कुछ सामान आयशर वाहन में भरकर यहां लाया गया था। बताया जा रहा है कि सामान के साथ ही सांप भी कबाड़ या अन्य सामग्री में छिपकर अस्पताल तक पहुंच गया होगा। हालांकि, सांप वास्तव में उसी वाहन से आया था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
सांप दिखाई देने की सूचना पर आसपास के लोग और निर्माण एजेंसी के कर्मचारी ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर सहित अन्य लोगों ने सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे रात में ही सिरपुर तालाब के पास झाड़ियों में छोड़ दिया गया। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर, जहां प्रसूताओं और नवजात बच्चों की देखभाल होती है, वहां इस तरह सांप निकलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सांप किस प्रजाति का था और अस्पताल में उसके पहुंचने के पीछे वास्तविक कारण क्या था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *