बदायूं में गंगा में डूबे युवक की तलाश जारी:SDRF ने 10 किमी तक तलाशी, दूसरे दिन भी नहीं मिली कामयाबी

बदायूं में गंगा में डूबे युवक की तलाश जारी:SDRF ने 10 किमी तक तलाशी, दूसरे दिन भी नहीं मिली कामयाबी

बदायूं में गंगा नदी में डूबे एक युवक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, गोताखोर, फ्लड पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही हैं। घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर आगे तक खोजबीन की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। यह घटना रविवार को सहसवान कोतवाली क्षेत्र के शुकराघाट गंगा घाट पर हुई। उघैती थाना क्षेत्र के गांव सलामतपुर निवासी 25 वर्षीय बृजेश पुत्र भूरे अपने साथी मल्लू पुत्र रक्षपाल (जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव विचोला निवासी) के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान बृजेश अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथी मल्लू ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई और बृजेश के परिवार को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। सोमवार को दूसरे दिन भी युवक की तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। गोताखोरों के साथ पुलिस, फ्लड पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर आगे तक गंगा में बृजेश को तलाशती रहीं। सहसवान कोतवाली पुलिस भी लगातार अभियान की निगरानी कर रही है। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार लगातार अभियान का जायजा ले रहे हैं और तलाश में लगी टीमों से जानकारी ले रहे हैं। नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार खोजबीन जारी है, लेकिन दूसरे दिन भी बृजेश का कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ गई है और वे युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *