उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र के काजीखेड़ा गांव में संपत्ति और नशेबाजी को लेकर हुए विवाद में एक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हंसिए से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई किशन लोधी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मृतक की पहचान दिलीप लोधी (24) के रूप में हुई है, जो चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार, परिवार में एक बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। रविवार रात दिलीप का दूसरे नंबर के भाई किशन लोधी से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नशेबाजी को लेकर भी कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर किशन ने हंसिया उठाकर दिलीप पर हमला कर दिया। हंसिए के हमले से दिलीप गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल दिलीप को आनन-फानन में सीएचसी पुरवा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुरवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी किशन लोधी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सोमवार को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे दोपहर करीब तीन बजे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी भुवन सिंह मौर्य ने बताया कि बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी किशन को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

