मुजफ्फरनगर में मंगलवार सुबह प्राइवेट फैक्ट्री के सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का बेटा गांव की लड़की को भगाकर ले जाने के आरोप में जेल में है। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका है। दो दिन पहले गांव में इस बात को लेकर पंचायत भी हुई थी। पंचायत में लड़की ने लड़के के पक्ष में बयान दिए थे। इसके बाद लड़की को नारी निकेतन भेज दिया गया। आज लड़के का पिता जब ड्यूटी के लिए साइकिल से जा रहा था तभी कुछ लोगों ने सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। शाहपुर थाने के किनोनी गांव का रहने वाला सुभाष (50) बुढ़ाना मोड़ पर बनी एक प्राइवेट फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड था। आज सुबह 10.30 पर वह साइकिल से फैक्ट्री जा रहा था। पिनना चौराहे के पास कुछ हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। सुभाष के बेटे आकाश का गांव के ही रहने वाले हरिओम की 22 साल की बेटी के साथ अफेयर था। दोनों की जाति एक ही है, लेकिन घर वाले शादी के लिए राजी नहीं थे। एक महीने पहले आकाश युवती को लेकर घर से फरार हो गया। लड़की के घर वालों ने लड़के के खिलाफ केस कराया था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया और आकाश को जेल भेज दिया। युवती को मेरठ के नारी निकेतन में भेज दिया गया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश हो गई। इसी विवाद को लेकर दो दिन पहले गांव में पंचायत हुई थी। पंचायत में युवती को बुलाया गया, जिसमें उसने आकाश के पक्ष में बयान दिया। बयान के बाद युवती को दोबारा नारी निकेतन भेज दिया गया। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका है। SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अफेयर को लेकर रंजिश का एंगल सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

