महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागापार में जनता जूनियर हाईस्कूल के पास स्थित प्राचीन पोखरे के सुंदरीकरण और छठ घाट बनाने की मांग उठी है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पोखरा सालों से क्षेत्र की प्राकृतिक, सामाजिक और धार्मिक विरासत का अहम हिस्सा रहा है। पहले इस पोखरे में कमल के फूल खिलते थे, जिससे इसकी प्राकृतिक सुंदरता लोगों को खूब आकर्षित करती थी। लेकिन, ठीक से देखरेख और सुंदरीकरण न होने के कारण पोखरे का विकास नहीं हो पाया है। हर साल इसी पोखरे के पास छठ पूजा होती है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु भगवान सूर्य की पूजा करने आते हैं। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एक साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित घाट की जरूरत महसूस होती है। पोखरे के ठीक बगल में जनता जूनियर हाईस्कूल भी है, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। पोखरे की साफ-सफाई, सुंदरीकरण, घाट निर्माण और आसपास के इलाके के विकास से स्कूल परिसर का माहौल भी बेहतर होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखरे की जांच कराकर सुंदरीकरण, साफ-सफाई और छठ घाट बनाने की मांग की है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि पोखरे की जांच कराई जाएगी और वहां छठ घाट के लिए अच्छी व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर लाल बहादुर, राजकुमार, सौरभ गुप्ता, रविंद्र जैन, श्याम बिहारी प्रजापति, सुभाष, रविंद्र प्रजापति, अनिरुद्ध राय, गोविंद प्रसाद समेत कई लोग मौजूद रहे।

