LPG वितरकों ने DM को सौंपा ज्ञापन:चंदौली में होम डिलीवरी कमीशन बढ़ाने, KYC भुगतान और नए कनेक्शन शुरू करने की मांग

LPG वितरकों ने DM को सौंपा ज्ञापन:चंदौली में होम डिलीवरी कमीशन बढ़ाने, KYC भुगतान और नए कनेक्शन शुरू करने की मांग

चंदौली जिले में एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में DM चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। उन्होंने DM को अपनी कई समस्याओं के बारे में बताया और सरकार से उनके समाधान की मांग की। वितरकों ने बताया कि होम डिलीवरी के सिलेंडर पर मिलने वाले कमीशन में बढ़ोतरी की जाए। बढ़ती महंगाई में बिना कमीशन बढ़ाए उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि केवाईसी के लिए प्रत्येक कंपनी ने 236 रुपए के भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक एजेंसी संचालकों को यह राशि नहीं मिली है। पदाधिकारियों ने शिकायत की कि गैस एजेंसी संचालकों को कंपनियां बेवजह कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं। जबकि इसकी मांग उनके यहां ज्यादा नहीं होती। इससे उनका काफी पैसा इन सिलेंडरों के रखरखाव और भुगतान में फंस जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि कंपनियों ने उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन देना बंद कर दिया है, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने से वंचित हो रहे हैं। वितरकों ने मांग की कि जल्द से जल्द नए कनेक्शन देने का नियम फिर से शुरू किया जाए। उन्होंने कुछ अधिकारियों पर गैर कानूनी कार्रवाई करने और विभिन्न जांच के नाम पर ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने इस प्रथा पर रोक लगाने की मांग की। वितरकों ने कहा कि तेल कंपनियां उन्हें कई तरह से परेशान कर रही हैं, जिससे गैस एजेंसी के वितरक काफी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि गैस एजेंसी संचालकों की सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा वे सड़क पर उतरकर आंदोलन कर सकते हैं। इस दौरान अमित सिंह, विनोद सिंह, जन्मेजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *