नलखेड़ा में बरसाती नाले के तेज बहाव में कार बहने से ओडिशा के एक परिवार के 7 सदस्यों की मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश से 3 एंबुलेंस में शव रविवार शाम भुवनेश्वर के जयदेव विहार स्थित आत्माराम बस्ती पहुंचे। शव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो गया। देर रात सभी का अंतिम संस्कार पुरी के स्वर्गद्वार में हुआ। हादसे में शिवप्रसाद बेहरा, उनके बेटे कृष्ण राजवीर, बेटी साई स्वर्णप्रभा, राधाराणी बेहरा, ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा, उनकी पत्नी रीताराणी और बेटे साई स्वस्तिक की जान चली गई। कार चालक की भी मौत हो गई। तस्वीरें देखिए… 27 सितंबर को होनी थी शादी इस हादसे का सबसे बड़ा सदमा राधाराणी की मौत से परिवार को लगा। उसकी सगाई 27 सितंबर को होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। परिजनों ने बताया कि परिवार पिता के लिए मन्नत पूरी होने पर मां बगलामुखी के दर्शन करने आया था। उन्हें उम्मीद थी कि सभी सुरक्षित लौटेंगे, लेकिन घर में खुशियों की जगह मातम छा गया। अब रात में नहीं होंगे हवन इस हादसे के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने रात 8 बजे के बाद हवन-यज्ञ और अनुष्ठानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिया का जल्द निर्माण कराने की बात भी कही जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। प्रशासन के कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं और लोग हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

