प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र में स्थित गौसिया अस्पताल में एक प्रसूता की लापरवाही से मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति नगेंद्र ने अस्पताल प्रशासन और एक डॉक्टर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि BUMS डिग्रीधारी डॉक्टर ने बिना योग्यता के सिजेरियन ऑपरेशन किया, जिससे महिला की जान चली गई। देखिए 3 तस्वीरें… गलत सर्जरी के कारण मौके पर ही मौत नगेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी वंदना को डिलीवरी के लिए बुधवार सुबह 7 बजे दुर्जनपुर स्थित गौसिया अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने सामान्य डिलीवरी और आवश्यकता पड़ने पर सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा तथा कुशल डॉक्टरों की उपलब्धता का आश्वासन दिया, जिसके बाद मरीज को भर्ती कर लिया गया। आरोप है कि डॉक्टर ने किसी कुशल सर्जन को बुलाने के बजाय स्वयं ही सर्जरी की। शिकायत पत्र के अनुसार, डॉक्टर के पास BUMS की डिग्री है और उनके पास शल्य चिकित्सा (सर्जरी) की न तो कोई जानकारी है और न ही योग्यता। परिजनों का आरोप है कि इसी गंभीर लापरवाही और गलत सर्जरी के कारण वंदना की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को दी सूचना घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में थाना प्रभारी से बात हुई, जिन्होंने निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गए। पीड़ित पति ने पुलिस प्रशासन से अस्पताल और डॉक्टर की डिग्री की गहन जांच करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है। इस संबंध में संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ अरुण कुमार तिवारी ने कहा है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

