प्रयागराज में सपाइयों ने शुरू किया ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’:विधानसभा स्तर पर बैठकों और जन अभियान की तैयारी तेज

प्रयागराज में सपाइयों ने शुरू किया ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’:विधानसभा स्तर पर बैठकों और जन अभियान की तैयारी तेज

समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश भर में चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान’ के तहत प्रयागराज में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अभियान के दूसरे दिन शनिवार को जॉर्ज टाउन स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का मुख्य एजेंडा जिले की सभी विधानसभाओं में बूथ और सेक्टर स्तर तक पार्टी की पकड़ को मजबूत करना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक के दौरान सपा नेताओं और पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। वक्ताओं ने कहा कि इस पूरे अभियान का मूल उद्देश्य भारतीय निर्वाचन आयोग जैसी निष्पक्ष और स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं को सत्ता पक्ष के राजनीतिक दबाव और कथित कब्जे से मुक्त कराना है। सपा नेताओं का आरोप है कि देश में लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया खतरे में है, जिसे बचाने के लिए पार्टी को अब सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करना होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग सपा नेताओं ने ऐलान किया कि पार्टी कार्यकर्ता आने वाले दिनों में एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेंगे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग को लेकर आक्रामक जन अभियान चलाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि चुनाव आयोग जैसी संस्था की विश्वसनीयता को बहाल करने के लिए कड़े कदम उठाना अनिवार्य हो गया है। बूथ और सेक्टर स्तर पर बैठकों की रणनीति बैठक में संगठनात्मक तैयारियों को धार देने के लिए प्रयागराज जिले की सभी विधानसभा सीटों के अंतर्गत बूथ और सेक्टर स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने और जनता के बीच जाकर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों व चुनाव आयोग की भूमिका को उजागर करने की रणनीति पर लंबी चर्चा की गई। बैठक में महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन, सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, सचिन श्रीवास्तव, संजू यादव, सऊद अहमद, माशाहद अली खां, सुरेश कुमार, अनिरुद्ध पाल, हेमंत कुमार एडवोकेट थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *