करौली जिले में पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। इस दौरान 202 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 240 पुलिसकर्मियों की 58 टीमों ने जिलेभर में 447 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई में इनामी, वांछित अपराधी, वारंटी और साइबर ठगी, मादक पदार्थ, शराब तथा सट्टेबाजी से जुड़े मामलों के आरोपी पकड़े गए। पुलिस के अनुसार टोडाभीम पुलिस ने स्कूल में फायरिंग कर सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी भीमसिंह मीना को गिरफ्तार किया। इसी तरह, महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार चल रहे योगेंद्र को अस्पताल के पास से पकड़ा। नादौती पुलिस ने जयपुर से अरविंद कुमार मीना को गिरफ्तार किया। उस पर अपने बैंक खाते दूसरों को उपलब्ध कराने और साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में शामिल होने का आरोप है। लांगरा थाना पुलिस ने मवेशी चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए मुकेश, राजेंद्र और राजू को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई भैंस भी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह दिन में रेकी करता था और रात में जंगल से मवेशी चोरी करता था। हिंडौन सदर पुलिस ने वर्क वीजा के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में करीब एक साल से फरार आरोपी राजेश गुलपाडिया को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर पर्यटन वीजा दिया और धोखाधड़ी की। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन मामले दर्ज किए गए और तीन आरोपियों को 9.93 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। इनमें सपोटरा निवासी पृथ्वीराम गुर्जर और नादौती निवासी बनेसिंह मीना शामिल हैं। आबकारी अधिनियम के तहत भी पांच मामले दर्ज कर पांच आरोपियों से 279 देसी शराब के पव्वे बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त कुड़गांव पुलिस ने सट्टे की खाईवाली करते नरेश माली को सट्टा उपकरण और नकदी के साथ पकड़ा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 7 जघन्य मामलों में वांछित अपराधी, 2 टॉप-टेन या इनामी अपराधी और 33 वारंटी गिरफ्तार किए गए। शेष कार्रवाई सामान्य मामलों में वांछित और शांति भंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ की गई।

