बालाघाट के लामता में शासकीय महाविद्यालय के मार्ग पर छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को चक्काजाम किया। विद्यार्थी कॉलेज पहुंच मार्ग की खराब स्थिति और बस किराए में रियायत की मांग कर रहे थे। उन्होंने लामता तहसीलदार मयंक मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। सड़क पर गड्ढों से विद्यार्थी परेशान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के जिला संयोजक आदित्य अग्रवाल ने कॉलेज पहुंच मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क पर लंबे समय से गड्ढे हैं। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। इससे कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी होती है। सड़क निर्माण और बस किराए में छूट देने की मांग विद्यार्थियों की मुख्य मांग कॉलेज पहुंच मार्ग का निर्माण और बस किराए में छूट देना है। उनका कहना है कि इन मांगों को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। विधायक और सांसद को भी समस्या की जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। बस किराए में भी छूट नहीं मिली। अभाविप ने चेतावनी दी है कि अगर 15 दिन के अंदर सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ और विद्यार्थियों को बस किराए में छूट नहीं मिली, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। तहसीलदार बोले- अधिकारियों को देंगे जानकारी तहसीलदार मयंक मिश्रा ने विद्यार्थियों की मांगों को जायज बताया। उन्होंने कहा कि मांगों की जानकारी वरिष्ठ और संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी जाएगी। समस्याओं के जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।

