धौलपुर के दिहौली थाना पुलिस ने 10-10 हजार रुपए के इनामी दो बदमाशों को पीछा कर पकड़ा है। पुलिस से बचकर बिना नंबर की बुलेट बाइक से भाग रहे दोनों बदमाश बसई कारे और जैतपुर के बीच तेज रफ्तार में बाइक बेकाबू होने से गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पुलिस की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घायल बदमाशों की पहचान दिहौली निवासी हिस्ट्रीशीटर अवनेश उर्फ अभिलेश उर्फ अभी (28) पुत्र सुरेश और उसके भाई सिवनेश उर्फ शिव नरेश (25) के रूप में हुई है। व्यापारी की आंखों में मिर्ची डालकर लूटे थे 60 हजार दोनों बदमाश 25 अगस्त को दिहौली थाना क्षेत्र में परचून व्यापारी बनवारी से हुई लूट के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची डालकर बंदूक की नोक पर उससे 60 हजार रुपए लूटे थे। मामले में पुलिस एक आरोपी सागर पुत्र बनवारी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद से पुलिस दोनों भाइयों की तलाश में जुटी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया पीछा पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश बिना नंबर की बुलेट बाइक से जैतपुर की ओर आ रहे हैं। कांस्टेबल मनोज कुमार मीणा की सूचना पर थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में एएसआई विजय कुंतल, कांस्टेबल भरत, प्रदीप और मानवेंद्र ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा शुरू किया। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने बाइक तेज रफ्तार से भगाई। इसी दौरान बसई कारे और जैतपुर के बीच बाइक बेकाबू होकर गिर गई, जिससे दोनों बदमाश बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर कराया भर्ती हादसे के बाद थाना प्रभारी अशोक कुमार और पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। सात मामले दर्ज, दूसरे राज्यों में भी तलाश पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों के खिलाफ धौलपुर जिले में लूट के छह और चोरी का एक मामला दर्ज है। पुलिस को जानकारी मिली है कि मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में भी दोनों के खिलाफ लूट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों को अंतरराज्यीय गैंग का सदस्य बता रही है। अब पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरे राज्यों में दर्ज मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

