पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र स्थित श्री सिद्ध लंगड़े बाबा आश्रम में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब महंत सत्यगिरि महाराज पानी से भरे गहरे गड्ढे में भू-समाधि लेने उतर गए। शाम करीब 7 बजे घटना की जानकारी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक मौके पर पहुंचे और महंत को बाहर निकालने के लिए खुद गड्ढे में उतर गए। पुलिस ने महंत से बातचीत कर उन्हें समझाया और अधिकारियों से बात कर उनकी मांग का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद महंत शांत हुए और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से एक अनहोनी टल गई। महंत सत्यगिरि महाराज का आश्रम की जमीन को लेकर प्रशासन से विवाद चल रहा है। वह जमीन दोबारा आश्रम के नाम दर्ज कराने और आश्रम के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं। महंत का आरोप था कि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। इसी मांग को लेकर वह पिछले करीब पांच महीने से भूख हड़ताल पर भी थे। शुक्रवार शाम उन्होंने गड्ढे में उतरकर भू-समाधि लेने का फैसला किया। शाम 7 बजे गड्ढे में उतरे, पुलिस को मिली सूचना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे महंत पानी से भरे गहरे गड्ढे में उतर गए। गड्ढे में पानी के साथ दलदल भी था। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को मिली, बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष ने महंत को बाहर निकालने के लिए खुद गड्ढे में छलांग लगा दी। उन्होंने मौके पर ही महंत से बातचीत शुरू की और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
थानाध्यक्ष ने अधिकारियों से बात कराने का दिया भरोसा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक ने महंत से कहा कि उनकी मांग को अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले में अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और उनकी बात सुनी जाएगी। पुलिस के समझाने और भरोसा देने के बाद महंत शांत हुए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी महंत के गड्ढे में उतरने की सूचना मिलते ही पुलिस के तत्काल मौके पर पहुंचने से बड़ी अनहोनी टल गई। थानाध्यक्ष के खुद गड्ढे में उतरकर महंत से बातचीत करने के बाद उन्हें बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद आश्रम परिसर में भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस महंत की मांग और आश्रम की जमीन से जुड़े विवाद की जानकारी जुटा रही है।

