पीलीभीत में धान के खेत में युवक का शव मिला:ससुराल आया था, डूबने से मौत की आशंका

पीलीभीत में धान के खेत में युवक का शव मिला:ससुराल आया था, डूबने से मौत की आशंका

पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर धान के खेत में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करेली थाना क्षेत्र के लिलहर गांव निवासी 26 वर्षीय खुशीराम पुत्र सियाराम के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पानी में पेट के बल पड़ा था युवक
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। बीसलपुर-बिलसंडा हाईवे से खजुरिया नवीराम जाने वाले मार्ग पर लालाराम के धान के खेत में ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा देखा। शव खेत में भरे पानी में पेट के बल पड़ा था। खेत में शव मिलने की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
दो साल पहले हुई थी शादी
मृतक के छोटे भाई धर्मवीर ने बताया कि खुशीराम की शादी करीब दो वर्ष पहले खजुरिया नवीराम निवासी नैना देवी से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते नैना पिछले करीब तीन महीने से अपने मायके वालों के साथ दिल्ली में रह रही थी। धर्मवीर के अनुसार, खुशीराम रविवार को अपनी ससुराल आया था। उन्होंने बताया कि पारिवारिक तनाव के चलते खुशीराम शराब पीने का आदी हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में वह धान के खेत में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
थानाध्यक्ष जगदीप मलिक ने बताया कि गांव के चौकीदार से मिली सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *