पलवल जिले में खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और पहल की गई है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में जिले के पहले सिंथेटिक टेनिस कोर्ट का खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने उद्घाटन किया। यह कोर्ट टेनिस के साथ-साथ नेटबॉल के अभ्यास और मुकाबलों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने सिंथेटिक कोर्ट का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों को समझा। इस दौरान खेल विभाग के निदेशक राम मेहर सिंह भी मौजूद रहे। खेल मंत्री ने किया विकास कार्यों का किया निरीक्षण इस दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ खिलाड़ियों को मैदान देना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक सुविधाओं वाला ऐसा खेल माहौल देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। मंत्री ने इंडोर स्टेडियम में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से काम की प्रगति और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इंडोर स्टेडियम में भी सिंथेटिक कोर्ट तैयार किया गया है, जिससे यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अच्छी खेल सतह मिलेगी। स्टेडियम को उच्च स्तरीय सुविधाओं से लैस करने की तैयारी स्टेडियम को उच्च स्तरीय सुविधाओं से लैस करने का काम चल रहा है। इसे साउंड प्रूफ और एयर कंडीशनर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को मौसम की चिंता किए बिना बेहतर माहौल में अभ्यास करने का मौका मिलेगा। खेल मंत्री ने खुद खिलाड़ियों के साथ टेनिस और नेटबॉल खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्हें अपने बीच खेलता देखकर खिलाड़ी भी काफी उत्साहित दिखे। मंत्री ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने को कहा।

