पलवल जिले में लूट, डकैती, हत्या और तस्करी जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देने के बाद सालों से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीमों ने 13 भगोड़े और 45 बेल जम्परों सहित कुल 58 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जानकारी देते हुए एसपी दीप्ति गर्ग ने बताया कि उनकी ओर से जिले के सभी थाना पुलिस को एक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इस अभियान का मकसद भगोड़े और जमानत पर आकर फरार होने वाले अपराधियों को पकड़ना था। फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए चलाया गया अभियान उन्होंने बताया कि जिला पुलिस भगोड़ा घोषित अपराधियों को जेल भेजने के लिए लगातार काम कर रही है। इस अभियान में पुलिस को कई सालों से फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। पिछले 10 दिनों में पकड़े गए प्रमुख आरोपियों में 2015 के डकैती मामले का वांछित आरिफ, 2011 से चोरी के मामले में फरार माजिद, पॉक्सो एक्ट और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में वांछित आरोपी राकेश और अभिषेक शामिल हैं। एसपी दीप्ति गर्ग बोलीं- अपराधियों को नहीं बख्शेगी पुलिस इसके अलावा, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, लूट और आबकारी कानून के तहत कई सालों से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे बेल जम्पर अपराधियों को भी पकड़ा गया और अदालत में पेश किया गया। एसपी दीप्ति गर्ग ने अपराधियों को साफ चेतावनी दी और कहा कि अब पलवल पुलिस से बचना आसान नहीं है, पलवल पुलिस उन्हें बख्शेगी नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि कई बदमाश अभी पलवल पुलिस की रडार पर हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है और वे जल्द ही जेल में होंगे।

