पन्ना और सीधी जिले के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। ललितपुर-सिंगरौली रेलखंड पर देवेंद्रनगर से सतना होते हुए रामपुर नैकिन के बीच पहली बार यात्री ट्रेन चलेगी। रेलवे ने 8 कोच की मेमू ट्रेन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद संचालन शुरू होगा।
रेलवे अधिकारियों ने इस रूट पर यात्रियों का सर्वे कराया है। इसमें रोजाना हजारों यात्रियों के सफर का अनुमान है। यह ट्रेन करीब 155 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
प्रस्तावित मेमू ट्रेन देवेंद्रनगर से सुबह 7 बजे चलकर दोपहर 12:30 बजे रामपुर नैकिन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:30 बजे रामपुर नैकिन से चलकर रात 9:25 बजे देवेंद्रनगर पहुंचेगी।
पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह 8 अक्टूबर को सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड का निरीक्षण करेंगे। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि बोर्ड से मंजूरी के बाद ही ट्रेन चलेगी।

