पन्ना जिले के खेजड़ा मंदिर इलाके में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को जहर पिलाने का मामला सामने आया है। पीड़िता को तत्काल जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। 12 साल की बेटी ने दी घटना की जानकारी मामले का खुलासा पीड़िता पार्वती बाई की 12 साल बेटी ने किया है। बेटी ने पुलिस को बताया कि आज मंगलवार दोपहर पिता, दादी और बुआ ने मिलकर मां को जबरन गिलास में घोलकर जहर पिला दिया। जहर पीने के बाद मां के मुंह से झाग निकलने लगा था। बच्ची ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पुलिस और अपने नाना को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया। शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप पीड़िता के पिता भुवन प्रसाद ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष (पति सज्जू, सास और ननद) उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे अपनी क्षमतानुसार लगातार दहेज की मांगें पूरी करते रहे, लेकिन ससुराल वालों का लालच खत्म नहीं हुआ। पिता के अनुसार, उनकी नातिन ने फोन कर उन्हें बताया कि उसके पिता, दादी और बुआ ने मां को गिलास में घोलकर ‘दवाई’ (जहर) पिला दी है और मां के मुंह से झाग निकल रहा है। नातिन ने ही पुलिस को भी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महिला को अस्पताल लेकर आई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

